जामताड़ा: जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत शीतलपुर- रामपुर गांव में गुरुवार को धान के खेत की मेड़ के समीप एक अज्ञात महिला का सड़ा- गला शव मिलने से सनसनी फैल गई. शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा था और उससे तेज दुर्गंध उठ रही थी. खेतों की ओर गए ग्रामीणों की नजर शव पर पड़ते ही आसपास के गांवों में खबर फैल गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई.


महिला के शरीर पर नाइटी और दुपट्टा था. शव की स्थिति खराब होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी. स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ के बावजूद देर शाम तक महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई थी.
ग्रामीणों ने जताई हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका
जिस स्थान पर शव बरामद हुआ, वह खेतों के बीच बनी मेड़ के समीप है. यह रास्ता ग्रामीणों के नियमित आवागमन में भी इस्तेमाल होता है. सहजपुर सहित आसपास के गांवों से मजदूर इसी रास्ते से शीतलपुर, नवाडीह और अन्य इलाकों में खेती-किसानी के काम के लिए आते-जाते हैं.
ऐसे में खेत के समीप महिला का शव मिलने से कई सवाल खड़े हो गए हैं. ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि महिला की मौत किसी दूसरे स्थान पर हुई होगी और बाद में शव को यहां लाकर फेंक दिया गया होगा. कुछ ग्रामीणों ने हत्या की आशंका भी व्यक्त की है. हालांकि, इन आशंकाओं की अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.
थाना प्रभारी और पुलिस इंस्पेक्टर पहुंचे, पहचान कराने का प्रयास
घटना की सूचना मिलते ही करमाटांड़ थाना प्रभारी अलकनाथ चौबे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को खेत से बाहर निकलवाया और अपने कब्जे में लिया.
इसके बाद पुलिस इंस्पेक्टर रविंद्र नाथ यादव भी घटनास्थल पर पहुंचे. पुलिस अधिकारियों ने आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ कर महिला की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली. पुलिस ने शव को सुरक्षित तरीके से पैक कर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया है.
कौन थी महिला, खेत तक कैसे पहुंचा शव ? जांच में जुटी पुलिस
महिला की पहचान नहीं होने के कारण उसकी मौत की परिस्थितियां फिलहाल स्पष्ट नहीं हैं. पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला कहां की रहने वाली थी, उसकी गुमशुदगी की कोई सूचना दर्ज है या नहीं और शव खेत तक कैसे पहुंचा.
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल महिला की पहचान और उसकी मौत के कारणों को लेकर है. हत्या, दुर्घटना अथवा किसी अन्य परिस्थिति में मौत होने की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

