जमशेदपुर: बिरसानगर थाना क्षेत्र में मजदूरी के पैसे को लेकर हुए विवाद में विशाल सांडील की हत्या कर शव स्वर्णरेखा नदी में फेंकने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है. पुलिस ने इस हत्याकांड में शामिल होने के आरोप में कार्तिक नामता और रवि कुंटिया को गिरफ्तार किया है. दोनों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल की गई बताई जा रही स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है. वहीं, मामले में आरोपी चरण हांसदा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है.


एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर सिटी डीएसपी संजीव कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने मामले की जांच करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है.
मजदूरी के बदले पैसे नहीं, मुर्गा और शराब देने का आरोप
पुलिस जांच के अनुसार मृतक विशाल सांडील, कार्तिक नामता और रवि कुंटिया, चरण हांसदा के लिए मजदूरी करते थे. आरोप है कि मजदूरी के बदले कई बार नकद भुगतान करने के बजाय उन्हें मुर्गा और शराब दी जाती थी. इसी बात को लेकर 25 सितंबर को विशाल और चरण हांसदा के बीच विवाद हुआ था. विवाद इतना बढ़ा कि दोनों के बीच मारपीट भी हुई.
शराब पिलाने के बहाने बुलाया, फिर चाकू से कर दी हत्या
पुलिस के अनुसार 27 सितंबर की शाम चरण हांसदा, रवि कुंटिया और कार्तिक नामता कथित तौर पर विशाल को शराब पिलाने के बहाने स्वर्णरेखा नदी किनारे पानी टंकी के पास ले गए. आरोप है कि वहां मौका देखकर विशाल पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई. इसके बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को स्वर्णरेखा नदी में फेंक दिया गया. पुलिस की जांच में मजदूरी के भुगतान को लेकर हुए पुराने विवाद को हत्या की वजह बताया गया है.
दो आरोपी गिरफ्तार, तीसरे की तलाश में छापेमारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि कुंटिया (22 वर्ष), पिता रेपो कुंटिया, निवासी खैरबनी, गोविंदपुर और कार्तिक नामता (24 वर्ष), पिता राम नामता, निवासी बांगुनहातु, सूखा तालाब के समीप, सिदगोड़ा के रूप में हुई है.
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या JH05BC1477 बरामद की है. पुलिस के अनुसार इस मोटरसाइकिल का इस्तेमाल घटना में किया गया था.
वहीं, चरण हांसदा अभी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है. मजदूरी के भुगतान को लेकर शुरू हुए विवाद का हत्या में बदल जाना गंभीर मामला है. पुलिस अब फरार आरोपी की गिरफ्तारी और हत्याकांड से जुड़े अन्य साक्ष्यों को जुटाने में लगी है.

