सरायकेला: कोलाबिरा स्थित ब्रेक्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के गेट पर गुरुवार को मजदूरों ने कम मजदूरी मिलने का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया. मजदूरों ने विरोध में ड्यूटी पर जाने से इनकार कर दिया और कंपनी के मुख्य गेट के बाहर धरने पर बैठ गए.


मजदूरों का कहना है कि उन्हें काम के अनुरूप उचित मजदूरी नहीं मिल रही है. मजदूरी बढ़ाने की मांग को लेकर सभी मजदूर एकजुट होकर कंपनी गेट पर धरना दे रहे हैं. मजदूरों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर कंपनी प्रबंधन की ओर से सकारात्मक पहल नहीं की जाती, तब तक वे ड्यूटी पर नहीं जाएंगे.
धरने के कारण कंपनी गेट के बाहर मजदूरों की भीड़ जुट गई. मजदूरों ने प्रबंधन से उनकी मजदूरी की समस्या का समाधान करने और उचित भुगतान सुनिश्चित करने की मांग की है. मजदूरों के विरोध को देखते हुए कंपनी प्रबंधन की ओर से बातचीत कर मामले को सुलझाने की पहल किए जाने की उम्मीद है. फिलहाल मजदूरों का धरना जारी है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

