सरायकेला: कुचाई प्रखंड के सुदूरवर्ती एवं दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र गोमियाडीह पंचायत के पांडाडीह गांव में आदिवासी बॉयज क्लब के तत्वावधान में एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. आसपास के विभिन्न गांवों की टीमों ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया. मुकाबलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी मैदान पहुंचे.


प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला सुखलाल FC बाडेडीह और जेक्शन FC बाडेडीह के बीच खेला गया. इसमें सुखलाल FC बाडेडीह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया, जबकि जेक्शन FC बाडेडीह उपविजेता रहा. आशीष एंड जूनियर स्टार की टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया.
विजेता सुखलाल FC बाडेडीह को 25 हजार रुपये, उपविजेता जेक्शन FC बाडेडीह को 18 हजार रुपये और तीसरे स्थान पर रही आशीष एंड जूनियर स्टार की टीम को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया.
समापन समारोह में मुख्य अतिथि खरसावां विधायक दशरथ गागराई ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साह बढ़ाया. उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया और ग्रामीण क्षेत्र में खेल प्रतियोगिता आयोजित करने के लिए आदिवासी बॉयज क्लब की सराहना की.
गागराई बोले- गांवों के खिलाड़ियों को मिले मंच तो दिखा सकते हैं दम
विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत उन्हें उचित मंच और अवसर उपलब्ध कराने की है. फुटबॉल झारखंड के लोकप्रिय खेलों में शामिल है और गांवों के युवा बेहतर प्रदर्शन कर राज्य एवं देश स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं.
उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक सोच विकसित करता है. ऐसे आयोजन ग्रामीण युवाओं को खेल से जोड़ने के साथ नशे एवं दूसरी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं.
मौके पर विधायक प्रतिनिधि धर्मेंद्र कुमार मुंडा, मुखिया करम सिंह मुंडा, राहुल सोय, नारायण गुंदुवा, शंभू मुंडा, बनमाली सिंह मुंडा, बिरसा नाग, अजीत पान, अनिल तोपनो, सुखराम मुंडा, रतन सोय सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं ग्रामीण मौजूद रहे.

