कांड्रा: पिंड्राबेड़ा स्थित सिद्धू-कान्हू खेल गांव में आजाद क्लब, पिंड्राबेड़ा के तत्वावधान में 10 और 11 अक्टूबर 2026 को दो दिवसीय फुटबॉल महाकुंभ सह 40+ फुटबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा. प्रतियोगिता में कुल 32 टीमें हिस्सा लेंगी. आयोजन को लेकर क्लब की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं.


प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 1.20 लाख रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 80 हजार रुपये, जबकि तृतीय और चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 50-50 हजार रुपये पुरस्कार राशि दी जाएगी. प्रतियोगिता में प्रवेश शुल्क 8 हजार रुपये निर्धारित किया गया है.
आयोजकों के अनुसार प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के लिए विभिन्न व्यक्तिगत पुरस्कार भी रखे गए हैं. वहीं प्रतियोगिता में खेल भावना, अनुशासन और बेहतर प्रदर्शन को विशेष महत्व दिया जाएगा.
40+ वर्ग के साथ 80 किलो वर्ग की प्रतियोगिता भी
आयोजकों द्वारा 12 अक्टूबर को 40+ या 80 किलोग्राम वर्ग की एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा. इसमें कुल आठ टीमें भाग लेंगी. प्रतियोगिता की विजेता टीम को 25 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को 20 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा. इस प्रतियोगिता के लिए प्रवेश शुल्क 5 हजार रुपये निर्धारित है. खिलाड़ियों के लिए आधार कार्ड एवं वजन कराना अनिवार्य बताया गया है.
आयोजन समिति में इन्हें मिली जिम्मेदारी
फुटबॉल प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए समिति में पवन चन्द्र हांसदा अध्यक्ष, गोरखा हेंब्रम उपाध्यक्ष, सुजान हांसदा सचिव, शिवचरण हांसदा कोषाध्यक्ष, गुरवा मार्डी सदस्य, सोनाराम मार्डी संयोजक तथा भोगन मांझी को खेल सलाहकार की जिम्मेदारी दी गई है.
आयोजकों ने फुटबॉल प्रेमियों और खेलप्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने की अपील की है.

