जमशेदपुर: सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव में देर रात पुलिस और बिंदल मॉल रेस्टोरेंट फायरिंग कांड के दो आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई. पुलिस के अनुसार दोनों तरफ से तीन-तीन राउंड फायरिंग हुई. जवाबी कार्रवाई में आरोपी मोहन यादव और अजीत मंडल के पैर में गोली लगी. दोनों को घायल अवस्था में एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है.


पुलिस के मुताबिक 26 सितंबर को सोनारी स्थित बिंदल मॉल के रेस्टोरेंट में दिनदहाड़े हुई गोलीबारी के मामले में दोनों की तलाश की जा रही थी. इस घटना में चार लोग गोली लगने से घायल हुए थे. वारदात में शामिल शूटरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी और आरोपियों पर एक-एक लाख रुपये के इनाम की घोषणा की गई थी.
हथियार बरामद कराने पहुंची पुलिस, तभी हुई फायरिंग
पुलिस के अनुसार मोहन यादव और अजीत मंडल को देर शाम गिरफ्तार किया गया था. पूछताछ में दोनों ने कथित रूप से बताया कि वारदात में इस्तेमाल हथियार मरीन ड्राइव के जंगल में एक पेड़ के पीछे छिपाए गए हैं.

इसके बाद पुलिस दोनों आरोपियों को लेकर हथियार बरामद करने जंगल पहुंची. एसएसपी के मुताबिक इसी दौरान आरोपियों ने मौका पाकर एक पुलिसकर्मी की कमर से पिस्तौल छीन ली और पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया.
पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी. इसके बाद दोनों को काबू में लेकर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया. पुलिस ने घटनास्थल से दो पिस्टल बरामद किए जाने की जानकारी दी है.
जंगल सील, देर रात पहुंचे वरीय अधिकारी
मुठभेड़ के बाद मरीन ड्राइव के संबंधित जंगल क्षेत्र को पुलिस ने घेर लिया. मौके पर एसएसपी, सिटी एसपी, डीएसपी और थाना प्रभारी समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी पहुंचे. घटनास्थल की जांच के बाद एसएसपी ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी मीडिया को दी.

गौरतलब है कि 26 सितंबर को बिंदल मॉल के रेस्टोरेंट में बाइक से पहुंचे तीन अपराधियों में से दो रेस्टोरेंट के अंदर घुसे थे और ताबड़तोड़ फायरिंग की थी. गोलीबारी में चार लोग घायल हुए थे. पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हुई थी. पुलिस अब इस मामले में फरार अन्य आरोपी की तलाश और पूरे आपराधिक नेटवर्क की जांच में जुटी है.

