गम्हरिया: टाटा स्टील के आवासीय परिसर टायो कॉलोनी में मंगलवार शाम इवनिंग वॉक के दौरान आदिवासी युवक रोहित हेम्ब्रम के साथ हुई मारपीट का मामला अब गम्हरिया थाने पहुंच गया है. रोहित हेम्ब्रम ने पांच नामजद समेत कुल 10 लोगों के खिलाफ शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है.


रोहित समाज के लोगों के साथ गम्हरिया थाना पहुंचा. शिकायत में शांतिनगर निवासी ईशांत पटेल, निर्मल पथ निवासी अंश कुमार सिंह और कुंदन यादव, मोतीनगर निवासी आयुष भाईराज तथा टायो बंगाली कॉलोनी निवासी आदित्य सिंह को नामजद किया गया है. इसके अलावा पांच अज्ञात लोगों पर भी घटना में शामिल होने का आरोप लगाया गया है.
मारपीट के साथ अपहरण के प्रयास का आरोप
रोहित हेम्ब्रम का आरोप है कि मंगलवार शाम टायो कॉलोनी में इवनिंग वॉक के दौरान आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की. शिकायत में मारपीट के साथ उसका अपहरण करने का प्रयास किए जाने का भी आरोप लगाया गया है.
मामले को लेकर आदिवासी समाज के लोगों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पुलिस आरोपों की जांच के साथ घटना से जुड़े साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है. फिलहाल शिकायत में लगाए गए आरोपों की पुलिस जांच जारी है. आरोपों की न्यायिक पुष्टि होना बाकी है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

