जमशेदपुर: 734 करोड़ रुपये के कथित फर्जी GST इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) घोटाले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बुधवार को जमशेदपुर. कोलकाता और देवघर में कई ठिकानों पर छापेमारी की. इसी कड़ी में देर रात जमशेदपुर के स्क्रैप कारोबारी ज्ञानचंद जायसवाल उर्फ बबलू जायसवाल और उनके बेटे राज जायसवाल को गिरफ्तार किया गया.


जमशेदपुर के बिष्टुपुर क्षेत्र में जायसवाल से जुड़े आवास. कार्यालय और अन्य परिसरों में ED की टीम ने दस्तावेजों और कारोबारी लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की. कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के लिए CRPF के जवान भी तैनात रहे. गिरफ्तारी के बाद पिता-पुत्र की एमजीएम अस्पताल में मेडिकल जांच कराई गई. इसके बाद ED की टीम दोनों को रांची ले गई.
अस्पताल में ज्ञानचंद जायसवाल ने खुद को फंसाए जाने का आरोप लगाया. हालांकि मामले में ED की विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने आना अभी बाकी है. मामला कथित फर्जी कंपनियों और बिलों के जरिए GST इनपुट टैक्स क्रेडिट के दुरुपयोग से जुड़ा बताया जा रहा है. ED अब वित्तीय लेन-देन और मामले से जुड़ी अन्य संभावित कड़ियों की जांच कर रही है.

