आदित्यपुर: टाटा- कांड्रा मुख्य मार्ग पर आदित्यपुर थाना क्षेत्र के घोड़ा बाबा मंदिर के समीप एक अनियंत्रित ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी पल्सर मोटरसाइकिल को रौंद दिया. राहत की बात यह रही कि हादसे के समय बाइक पर कोई सवार नहीं था, जिससे किसी तरह की जनहानि नहीं हुई. हालांकि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.


घटना बुधवार देर रात करीब दस बजे के आसपास की बताई जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के बाद ट्रेलर चालक वाहन लेकर मौके से भागने लगा. इस दौरान बाइक सवार युवकों ने ट्रेलर का पीछा किया और उसे रोक लिया.
मौके पर पहुंची पेट्रोलिंग टीम, चालक हिरासत में
इसी बीच आदित्यपुर थाना पुलिस की पेट्रोलिंग टीम भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है. व्यस्त टाटा- कांड्रा मुख्य मार्ग पर हुई इस घटना में किसी व्यक्ति के हताहत नहीं होने से लोगों ने राहत की सांस ली. पुलिस हादसे की परिस्थितियों और ट्रेलर चालक की भूमिका की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

