सरायकेला: राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर सड़क किनारे और नो-पार्किंग क्षेत्र में मनमाने ढंग से वाहन खड़ा करने वालों पर जिला प्रशासन ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है. बुधवार को जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य शमाद के नेतृत्व में चांडिल क्षेत्र के पाटा टोल प्लाजा के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया. इस दौरान अनधिकृत पार्किंग और यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में कुल 41,800 रुपये का जुर्माना वसूला गया.


अभियान का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण होने वाले दुर्घटना के खतरे को कम करना और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखना था. जांच के दौरान नो-पार्किंग और प्रतिबंधित क्षेत्रों में खड़े वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई.
सड़क किनारे भारी वाहन खड़े किए तो होगी कार्रवाई
जिला परिवहन पदाधिकारी ने वाहन चालकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि राष्ट्रीय राजमार्ग और अन्य प्रमुख सड़कों पर अनधिकृत रूप से वाहन खड़ा नहीं करें. विशेष रूप से भारी वाहन चालकों को निर्धारित एवं सुरक्षित पार्किंग स्थल का ही इस्तेमाल करने की हिदायत दी गई.
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनधिकृत पार्किंग से न केवल यातायात बाधित होता है, बल्कि दुर्घटना का खतरा भी बढ़ सकता है. सड़क किनारे खड़े भारी वाहनों के कारण दूसरे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ता है. ऐसे में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा.
स्पीड से लेकर ड्रंक एंड ड्राइव तक पर दी हिदायत
जांच के दौरान चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने और सुरक्षित तरीके से ओवरटेक करने के प्रति भी जागरूक किया गया. इसके साथ ही नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और प्रतिबंधित क्षेत्रों में पार्किंग से बचने की हिदायत दी गई.
जिला प्रशासन के अनुसार सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था के लिए इस तरह के जांच अभियान लगातार चलाए जाएंगे. वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और NH-33 पर अनधिकृत पार्किंग नहीं करने की अपील की गई है.
प्रमोद सिंह (संपादक)

