जमशेदपुर: मानगो के उलीडीह थाना क्षेत्र में बुधवार को दिनदहाड़े बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक से मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गए. अचानक हुई वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई. पीड़ित युवक ने घटना की सूचना उलीडीह थाना पुलिस को दी.


सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से घटना की जानकारी ली. पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर बाइक सवार बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.
बताया जा रहा है कि बाइक सवार बदमाश युवक के पास पहुंचे और मौका मिलते ही उसका मोबाइल फोन झपटकर तेज रफ्तार से फरार हो गए. दिनदहाड़े हुई वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भी सुरक्षा को लेकर चिंता देखी गई.
एक ही दिन दो थाना क्षेत्रों में छिनतई
बुधवार को शहर के दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छिनतई की घटनाएं सामने आई हैं. इससे पहले सोनारी थाना क्षेत्र के बाल विहार, कुंज नगर में बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली थी. अब उलीडीह में युवक से मोबाइल छीनने की घटना सामने आने के बाद बाइक सवार अपराधियों की सक्रियता को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
हालांकि दोनों वारदातों में एक ही गिरोह का हाथ है या अलग- अलग बदमाश शामिल हैं, यह अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस दोनों मामलों में सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपियों की पहचान एवं गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है.

