चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली स्थित तमोलिया में गोविंद विद्यालय के मुख्य गेट के समीप लगा बिजली ट्रांसफार्मर इन दिनों घनी झाड़ियों से घिरा हुआ है. ट्रांसफार्मर के आसपास लंबे समय से साफ-सफाई नहीं होने के कारण स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. विद्यालय के मुख्य द्वार के समीप ट्रांसफार्मर होने से विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्थानीय लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे हैं.


स्थानीय लोगों के अनुसार, ट्रांसफार्मर के आसपास बड़ी-बड़ी झाड़ियां उग आई हैं, जिससे उसका काफी हिस्सा ढक गया है. विद्यालय के मुख्य गेट के समीप होने के कारण यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में बच्चों और लोगों का आना-जाना लगा रहता है. ऐसे में विद्युत खराबी या शॉर्ट सर्किट की स्थिति में आग लगने जैसी घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता है.
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग की ओर से ट्रांसफार्मर के आसपास नियमित रूप से साफ-सफाई और झाड़ियों की कटाई की जानी चाहिए. लेकिन लंबे समय से इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं की गई है. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि समस्या की जानकारी होने के बावजूद बिजली विभाग के कर्मचारियों और संबंधित जनप्रतिनिधियों की ओर से अब तक गंभीरता नहीं दिखाई गई है.
ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम में झाड़ियां तेजी से बढ़ जाती हैं, जिससे ट्रांसफार्मर के आसपास की स्थिति और भी खराब हो जाती है. यदि समय रहते साफ-सफाई नहीं कराई गई, तो आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर हो सकती है.
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग एवं संबंधित अधिकारियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल ट्रांसफार्मर के आसपास उगी झाड़ियों की सफाई कराने की मांग की है. साथ ही ट्रांसफार्मर की सुरक्षा व्यवस्था की जांच कर आवश्यक कदम उठाने की अपील की है, ताकि विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों और आसपास के लोगों को किसी प्रकार के खतरे का सामना न करना पड़े.
अब देखना यह है कि बिजली विभाग और संबंधित अधिकारी इस समस्या पर कब संज्ञान लेते हैं और ट्रांसफार्मर के आसपास साफ-सफाई का कार्य कब तक कराया जाता है.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक

