चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में अपराध नियंत्रण, अड्डेबाजी और नशाखोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से कपाली ओपी पुलिस ने रविवार को विशेष अभियान चलाया. इस दौरान पुलिस की अलग-अलग टीमों ने डोबो रोड स्थित होटल और रेस्टोरेंट में एक साथ औचक जांच की. पुलिस की अचानक कार्रवाई से होटल-रेस्टोरेंट में मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया.


कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर पुलिस लगातार अभियान चला रही है. इसके तहत पुलिस की अलग-अलग टीमों को तैयार कर संवेदनशील इलाकों में एक साथ जांच की जा रही है, ताकि अड्डेबाजी, नशाखोरी और अन्य असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाया जा सके.
उन्होंने बताया कि डोबो रोड स्थित विभिन्न होटल और रेस्टोरेंट में चलाए गए अभियान के दौरान अवैध रूप से शराब का सेवन कर रहे लोगों को वहां से हटाया गया. साथ ही होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि वे अपने प्रतिष्ठान में किसी भी तरह की अड्डेबाजी नहीं होने दें. अवैध रूप से शराब का सेवन अथवा शराब पिलाने की गतिविधि पाए जाने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने और नियमों का पालन सुनिश्चित करने की भी हिदायत दी गई.
संदिग्ध गतिविधियों पर होगी कार्रवाई
ओपी प्रभारी ने होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों को चेतावनी दी कि यदि दोबारा किसी प्रतिष्ठान में अड्डेबाजी, अवैध शराब सेवन अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत मिलती है, तो जांच के बाद संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस के साथ आम लोगों का सहयोग भी बेहद जरूरी है. क्षेत्रवासियों से अपील की गई कि यदि कहीं नशाखोरी, अड्डेबाजी, ब्राउन शुगर, गांजा, अवैध शराब पिलाने, संदिग्ध लोगों के जमावड़े या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलती है, तो तत्काल पुलिस को सूचना दें.
सूचना देने वालों की पहचान रहेगी गुप्त
अविनाश कुमार ने लोगों को भरोसा दिलाया कि पुलिस को सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी. उन्होंने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल अपराध पर नियंत्रण करना ही नहीं, बल्कि क्षेत्र में आम लोगों के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार करना भी है.
कपाली ओपी पुलिस ने स्पष्ट किया कि अपराध नियंत्रण, अड्डेबाजी और नशाखोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. डोबो रोड के अलावा कपाली ओपी क्षेत्र के अन्य संवेदनशील इलाकों में भी पुलिस द्वारा निगरानी और औचक जांच अभियान चलाया जाएगा.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक

