चांडिल: प्रखंड के चिलगुडीह और नीमडीह प्रखंड के रघुनाथपुर स्थित ब्लॉक मैदान में रविवार को आयोजित एक दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिताओं में ईचागढ़ विधायक सविता महतो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. विधायक ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं.


इस दौरान विधायक सविता महतो ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है. जरूरत है खिलाड़ियों को उचित अवसर और मंच उपलब्ध कराने की. फुटबॉल जैसे खेल ग्रामीण युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और आगे बढ़ने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं.
उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ अनुशासन, आपसी समन्वय और टीम भावना भी सिखाते हैं. ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की प्रतियोगिताओं के नियमित आयोजन से प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का मौका मिलता है.
प्रतियोगिता के दौरान मैदान में बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मौजूद रहे. खिलाड़ियों के प्रदर्शन को लेकर दर्शकों में भी खासा उत्साह देखा गया.
मौके पर झामुमो केंद्रीय सदस्य ओम प्रकाश लायेक, काबलू महतो, जिला सचिव बैधनाथ टुडू, प्रभाकर महतो, सचिन गोप, मंगल मांझी, टिंकू महतो, अनिल सिंह, मुखिया, ग्राम प्रधान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं खेल प्रेमी उपस्थित थे.
रिपोर्ट: विपिन वार्ष्णेय

