सरायकेला: नगर पंचायत क्षेत्र के इंद्रटांडी निवासी अप्पू कामिला ने ईमानदारी और इंसानियत की मिसाल पेश की है. सड़क किनारे मिला कीमती मोबाइल फोन अपने पास रखने के बजाय उन्होंने सरायकेला थाना पहुंचकर पुलिस के हवाले कर दिया. उनके इस नेक कार्य की स्थानीय लोगों ने सराहना की है.


जानकारी के अनुसार, रविवार की सुबह अप्पू कामिला मॉर्निंग वॉक कर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान इंद्रटांडी क्षेत्र में सड़क किनारे उन्हें वीवो कंपनी का काले रंग का एक मोबाइल फोन गिरा हुआ मिला. मोबाइल मिलने के बाद उन्होंने उसे उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाने का निर्णय लिया और बिना किसी देरी के सरायकेला थाना पहुंचे. वहां उन्होंने मोबाइल फोन पुलिस को सौंप दिया.
अप्पू कामिला की ईमानदारी की सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने जमकर सराहना की. थाना प्रभारी ने कहा कि वर्तमान समय में किसी दूसरे व्यक्ति की गिरी हुई वस्तु को उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाने का प्रयास करना सराहनीय कार्य है. अप्पू कामिला ने मोबाइल अपने पास रखने के बजाय पुलिस को सौंपकर ईमानदारी और जिम्मेदारी का परिचय दिया है.
थाना प्रभारी ने बताया कि जिस व्यक्ति का यह मोबाइल फोन है, वह उसकी पहचान से संबंधित आवश्यक जानकारी देकर सरायकेला थाना से अपना मोबाइल प्राप्त कर सकता है. उन्होंने आम लोगों से भी अपील की कि सड़क या सार्वजनिक स्थान पर किसी का सामान मिलने पर उसे अपने पास रखने के बजाय संबंधित व्यक्ति या पुलिस को सौंपें.
अप्पू कामिला के इस नेक कार्य की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की है. उनकी पहल ने यह संदेश दिया है कि ईमानदारी और इंसानियत आज भी समाज में कायम है.
प्रमोद सिंह (संपादक)
,

