सरायकेला: जिले में भारी एवं लगातार बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने शनिवार, 26 सितंबर 2026 को कक्षा 12वीं तक संचालित सभी विद्यालयों में अवकाश घोषित कर दिया है. इसमें सरकारी विद्यालयों के साथ अल्पसंख्यक एवं निजी विद्यालय भी शामिल हैं.


जिला शिक्षा पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावां की ओर से शुक्रवार, 25 सितंबर को जारी आदेश में कहा गया है कि भारत मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 26 सितंबर को भीषण अथवा लगातार भारी बारिश की संभावना व्यक्त की गई है. इसे देखते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है.
आदेश का कड़ाई से पालन कराने का निर्देश
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जिले में कक्षा 12 तक संचालित सभी श्रेणी के विद्यालय 26 सितंबर को बंद रहेंगे. जिला प्रशासन मौसम की स्थिति की लगातार निगरानी करेगा और आवश्यकता पड़ने पर आगे के निर्देश जारी किए जाएंगे.
जिला शिक्षा पदाधिकारी ने आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है. आदेश का उल्लंघन करने वाले संबंधित विद्यालय अथवा संस्थान के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम-2005 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जा सकती है.
इस संबंध में सभी सरकारी, अल्पसंख्यक एवं निजी विद्यालयों के प्रबंधन और प्राचार्यों के साथ क्षेत्र शिक्षा पदाधिकारियों तथा प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों को भी सूचना भेजी गई है. आदेश को उपायुक्त की स्वीकृति प्राप्त है.

