जमशेदपुर: आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-1 स्थित करीम सिटी बीएड कॉलेज के समीप काले रंग की स्कॉर्पियो सवार करीब 17 वर्षीय युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. घटना में युवक के सिर में चोट लगी है. वहीं स्कॉर्पियो के शीशे, लुकिंग ग्लास और वाइपर को भी क्षतिग्रस्त किए जाने का आरोप है.


घायल की पहचान आजादनगर रोड नंबर-12 निवासी सफदर इमाम के पुत्र अयान सफदर के रूप में हुई है. घटना के बाद उसे इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके सिर में लगी चोट का उपचार चल रहा है.
तेज गाड़ी चला रहे हो’ कहकर रोकने का आरोप
अयान के अनुसार वह स्कॉर्पियो से जा रहा था. करीम सिटी बीएड कॉलेज के पास तीन युवकों ने उसकी गाड़ी रुकवाई और तेज गति से वाहन चलाने की बात कहते हुए उससे विवाद करने लगे. आरोप है कि इसके बाद स्कॉर्पियो का वाइपर तोड़ा गया और उसी से उस पर कई वार किए गए, जिससे उसके सिर में चोट लगी.
अयान ने आरोप लगाया है कि हमला करने वाले तीनों युवक आपस में भाई हैं. उसने दो युवकों के नाम मोहम्मद फसले हयात और जशन बताए हैं, जबकि तीसरे का नाम उसे मालूम नहीं है. घायल के अनुसार तीनों फिलहाल कपाली ओपी क्षेत्र के डांगरडीह सामुदायिक भवन के समीप रहते हैं.
फिलहाल यह घटनाक्रम घायल युवक द्वारा लगाए गए आरोपों पर आधारित है. दूसरे पक्ष और आजादनगर पुलिस का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. शिकायत और जांच के बाद घटना की वास्तविक वजह तथा मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

