जमशेदपुर: जुगसलाई थाना क्षेत्र के घोड़ा चौक स्थित प्लाईवुड दुकान में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर चोरी गए दो लैपटॉप, 19 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन समेत अन्य सामान बरामद किया गया है. पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है. शुक्रवार को लॉ एंड ऑर्डर डीएसपी सुमित कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले का खुलासा किया.


पुलिस के अनुसार घोड़ा चौक, स्टेशन रोड निवासी सुमित मल्लिक ने 21 सितंबर को जुगसलाई थाना में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में बताया गया था कि 20-21 सितंबर की रात अज्ञात चोर दुकान का ग्रिल और शीशा तोड़कर अंदर घुसे और सामान चोरी कर फरार हो गए.
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन और विधि- व्यवस्था डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई. पुलिस के मुताबिक सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की जांच के बाद आरोपियों की पहचान की गई. इसके बाद 24 सितंबर को कपाली ओपी क्षेत्र में छापेमारी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया.
गिरफ्तार आरोपियों में नूर मोहम्मद, दानिश हुसैन, शेख गनी इमाम उर्फ लकी और शहनवाज खान शामिल हैं. उनकी निशानदेही पर एक गुलाबी रंग का बैग, लेनोवो और एसर कंपनी के दो लैपटॉप, 19 हजार रुपये नकद, चार एंड्रॉयड मोबाइल, एक स्कूटी और एक हीरो एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की गई है.
पुलिस के अनुसार आरोपी नूर मोहम्मद मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले का रहने वाला है. उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के विभिन्न थानों में चोरी समेत अन्य धाराओं में पूर्व से मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है. उसके आपराधिक इतिहास का सत्यापन भी किया जा रहा है. चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है. पुलिस के मुताबिक मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.

