जामताड़ा: करमाटांड़ थाना क्षेत्र के करमाटांड़-मदनकट्टा मुख्य मार्ग पर शहरजोरी के समीप गुरुवार अहले सुबह मवेशी लदी बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गयी. हादसे में बोलेरो सवार दो लोगों की मौत हो गयी। मृतकों की पहचान नारायणपुर थाना क्षेत्र के चिरुडीह गांव निवासी अशरफ अंसारी और रफीक अंसारी के रूप में हुई है.


बताया जाता है कि बोलेरो में पांच मवेशी लदे थे. दुर्घटना इतनी भीषण थी कि बोलेरो के पलटने के बाद दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं, हादसे में तीन मवेशियों की भी मौत हो गयी. घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गयी.
सूचना मिलते ही करमाटांड़ थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने दोनों मृतकों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया है. पुलिस के अनुसार, बोलेरो किस कारण अनियंत्रित होकर पलटी, इसकी जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच के आधार पर दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

