जमशेदपुर: पंजाब के गुरदासपुर जिले में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड की जांच की कड़ी अब जमशेदपुर तक पहुंच गई है. मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों की तलाश में पंजाब पुलिस की टीम जमशेदपुर पहुंची और स्थानीय सिदगोड़ा थाना पुलिस के सहयोग से शहर के कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की.


पुलिस टीम ने दस नंबर बस्ती, सुखिया रोड स्थित एक आवास और विजयनगर क्षेत्र की एक मेडिकल दुकान समेत अन्य स्थानों पर जांच-पड़ताल की. बताया जा रहा है कि पंजाब पुलिस को फरार आरोपियों के जमशेदपुर से संभावित संपर्क की जानकारी मिली थी. इसी इनपुट के आधार पर स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी अभियान चलाया गया.
मामला पंजाब के गुरदासपुर जिले के काहनूवान थाना क्षेत्र अंतर्गत नैनेकोट गांव का है. 12 मई 2026 को अजायब सिंह और उनकी पत्नी कमल कौर की हत्या कर दी गई थी. पुलिस अनुसंधान में हत्याकांड के पीछे कथित रूप से पैतृक जमीन और संपत्ति विवाद की बात सामने आई थी.
मामले में पुलिस ने अमरजीत सिंह उर्फ अंबे, मनप्रीत कौर, तरसेम सिंह और हरजोत सिंह को आरोपी बनाया था. अमरजीत सिंह और मनप्रीत कौर को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है, जबकि तरसेम सिंह और हरजोत सिंह अब भी फरार बताए जा रहे हैं.
इन्हीं दोनों की तलाश में पंजाब पुलिस अलग-अलग राज्यों में उनके संभावित ठिकानों और संपर्कों की जानकारी जुटा रही है. इसी क्रम में जांच की कड़ी जमशेदपुर से जुड़ने के बाद पंजाब पुलिस की टीम शहर पहुंची. सूत्रों के मुताबिक फरार आरोपी तरसेम सिंह का सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों से भी जुड़ाव रहा है. पुलिस उसके संपर्कों की भी पड़ताल कर रही है.
फिलहाल जमशेदपुर में हुई छापेमारी के दौरान किसी आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है. हालांकि पुलिस को कुछ जानकारियां मिलने की बात सामने आ रही है. अब जांच का फोकस इस बात पर है कि फरार आरोपियों का जमशेदपुर से किस तरह का संपर्क रहा है और क्या उन्होंने यहां किसी व्यक्ति की मदद से शरण लेने अथवा फरारी के दौरान संसाधन जुटाने का प्रयास किया था. पंजाब पुलिस की इस कार्रवाई के बाद स्थानीय स्तर पर भी मामले को लेकर हलचल बढ़ गई है. फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पंजाब पुलिस उनके संभावित नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी हुई है.

