सरायकेला: राजनगर के आमलाटोला निवासी एवं झामुमो केंद्रीय सदस्य दशमत मार्डी का रविवार को आकस्मिक निधन हो गया था. सोमवार को उनके अंतिम संस्कार में झामुमो राजनगर प्रखंड कमेटी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ झामुमो नेता केपी सोरेन शामिल हुए और दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि अर्पित कर अंतिम विदाई दी.


केपी सोरेन ने दशमत मार्डी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी के एक समर्पित साथी और संघर्षशील कार्यकर्ता का इस तरह चले जाना झामुमो परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है. संगठन और समाज के प्रति उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा.
उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोकाकुल परिजनों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति संवेदना व्यक्त की. अंतिम संस्कार के दौरान झामुमो कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने भी दशमत मार्डी को श्रद्धासुमन अर्पित किए.

