गिरिडीह: झारखंड सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार के आकस्मिक निधन से पूरे राज्य में शोक की लहर है. रविवार को ईचागढ़ विधायक सविता महतो और खरसावां विधायक दशरथ गागराई गिरिडीह स्थित उनके आवास पहुंचे और पार्थिव शरीर पर श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया. दोनों विधायकों ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और गहरी संवेदना व्यक्त की.


विधायक सविता महतो ने कहा कि सुदिव्य कुमार का असामयिक निधन झारखंड की राजनीति और समाज के लिए अपूरणीय क्षति है. उन्होंने कर्मठ जनप्रतिनिधि और समर्पित जनसेवक के रूप में अपनी अलग पहचान बनाई थी. उनके निधन से व्यक्तिगत रूप से भी गहरा दुख पहुंचा है. जनसेवा और राज्य के विकास में उनके योगदान को लंबे समय तक याद रखा जाएगा.

वहीं विधायक दशरथ गागराई ने भी दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि देते हुए उनके निधन को झारखंड और झामुमो परिवार के लिए बड़ी क्षति बताया. उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की.
गिरिडीह जाने के क्रम में मिलन चौक से घाटशिला विधायक सोमेश सोरेन और झामुमो केंद्रीय कार्यकारिणी सदस्य मोहन कर्मकार भी साथ हुए. सभी ने गिरिडीह पहुंचकर दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित की. इस दौरान झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए.

