जमशेदपुर: र्हॉर्टिकल्चर सोसाइटी जमशेदपुर (एचएसजे) की 10वीं वार्षिक आम सभा रविवार को बिष्टुपुर स्थित एसएनटीआई ऑडिटोरियम में आयोजित हुई. बैठक में सोसाइटी की वर्षभर की गतिविधियों, उपलब्धियों, वित्तीय विवरण और आगामी योजनाओं की समीक्षा के साथ उपनियमों एवं नियमावली में महत्वपूर्ण संशोधनों को मंजूरी दी गई.


एजीएम में पारित संशोधन के तहत टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक को सोसाइटी का पदेन चेयरपर्सन बनाए जाने का प्रावधान किया गया. इसके बाद टाटा स्टील यूआईएसएल के प्रबंध निदेशक अतुल कुमार भटनागर ने 6 सितंबर 2026 से पदेन चेयरपर्सन का दायित्व संभाला. वहीं चित्रा शर्मा को पदेन अध्यक्ष नामित किया गया. उन्होंने सुमिता नूपुर का स्थान लिया. सुकन्या दास को मानद महासचिव की जिम्मेदारी दी गई.
कार्यक्रम की शुरुआत सेफ्टी पॉज से हुई. अध्यक्ष सुमिता नूपुर ने वर्षभर की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी देते हुए टाटा स्टील एवं टाटा स्टील यूआईएसएल के सहयोग के लिए आभार जताया. आगामी फ्लावर शो और गार्डन ऑफ द ईयर प्रतियोगिताओं की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई. संयुक्त सचिव कृष्णेंदु शॉ ने सचिवीय प्रतिवेदन और कोषाध्यक्ष बिपिन कुमार ने लेखा परीक्षित वित्तीय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे आम सभा ने अनुमोदित किया.
नवनियुक्त पदेन चेयरपर्सन अतुल कुमार भटनागर ने सोसाइटी की भावी कार्ययोजना में मजबूत प्रशासन, सदस्यों की अधिक सहभागिता, पर्यावरणीय स्थिरता तथा वार्षिक फ्लावर शो समेत प्रमुख आयोजनों के विस्तार पर जोर दिया.
नई कार्यकारिणी में अश्वनी श्रीवास्तव, कैप्टन मनीष सिन्हा और वरुण बजाज को उपाध्यक्ष, जयंता घोष एवं कमल किशोर को मानद संयुक्त सचिव, बिपिन कुमार को कोषाध्यक्ष, जगदीप सैनी को मानद संयुक्त कोषाध्यक्ष तथा ज्योति हांसदा एवं मनोज कुमार को समन्वयक की जिम्मेदारी दी गई. सभा में पूर्व चेयरपर्सन रुचि नरेंद्रन के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन और सुमिता नूपुर की सेवाओं की सराहना की गई. कार्यक्रम का समापन उपाध्यक्ष अश्वनी श्रीवास्तव के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ.
रिपोर्ट: के. दुर्गा राव

