रांची: झारखंड सरकार के मंत्री एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा की केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्य सुदिव्य कुमार ‘सोनू’ के आकस्मिक निधन के बाद पार्टी ने सोमवार, 7 सितंबर को राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर प्रस्तावित एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया है. इस संबंध में झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कार्यालय आदेश जारी कर पार्टी के सभी जिलाध्यक्षों, जिला सचिवों, जिला संयोजक प्रमुखों, महानगर अध्यक्षों एवं महानगर संयोजकों को निर्देश दिया है.


कार्यालय आदेश के अनुसार मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू का रविवार, 6 सितंबर 2026 को पूर्वाह्न 3:30 बजे आकस्मिक निधन हुआ. उनके निधन की सूचना मिलते ही झामुमो संगठन में शोक की लहर दौड़ गई. पार्टी ने कहा है कि इस कठिन समय में सभी स्तर के नेता और कार्यकर्ता मर्माहत एवं शोक संतप्त हैं.
सभी प्रखंड मुख्यालयों पर होना था धरना
झामुमो की ओर से 7 सितंबर को राज्यभर के प्रखंड मुख्यालयों पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन प्रस्तावित था. इसके लिए जिला और प्रखंड स्तर पर संगठन की ओर से तैयारियां की जा रही थीं. मगर सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन के बाद पार्टी नेतृत्व ने सभी प्रस्तावित धरना-प्रदर्शनों को तत्काल प्रभाव से रोकने का निर्णय लिया है.
केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय की ओर से जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि 7 सितंबर को राज्य के सभी प्रखंड मुख्यालयों पर होने वाला एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन अगले आदेश तक स्थगित रहेगा. यानी कार्यक्रम की अगली तारीख पार्टी की ओर से बाद में घोषित की जाएगी.
केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी थे सुदिव्य सोनू
सुदिव्य कुमार सोनू सरकार में मंत्री होने के साथ झामुमो की केंद्रीय कार्यकारिणी के सदस्य भी थे. ऐसे में उनका निधन सरकार के साथ पार्टी संगठन के लिए भी बड़ा झटका है. गिरिडीह की राजनीति में मजबूत पकड़ रखने वाले सोनू पार्टी और सरकार के प्रमुख चेहरों में शामिल थे. उनके आकस्मिक निधन के बाद पार्टी नेतृत्व से लेकर जिला, प्रखंड और बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं में शोक का माहौल है. इसी को देखते हुए पार्टी ने फिलहाल राजनीतिक आंदोलन और धरना-प्रदर्शन स्थगित रखने का निर्णय लिया है.
सुबह 3:30 बजे हुआ आकस्मिक निधन
झामुमो के आधिकारिक कार्यालय आदेश में सुदिव्य कुमार सोनू के निधन का समय 6 सितंबर को पूर्वाह्न 3:30 बजे दर्ज किया गया है. उनके निधन के कुछ ही घंटों बाद संगठन की ओर से राजनीतिक कार्यक्रम स्थगित करने का निर्देश जारी कर दिया गया. पार्टी ने जिला एवं महानगर स्तर के पदाधिकारियों को आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है. अब राज्यभर में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन की नई तारीख को लेकर झामुमो के अगले आदेश का इंतजार रहेगा.
संतोष कुमार

