बोकारो: जिले के चास थाना क्षेत्र में पुलिस ने जुआ के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक खंडहरनुमा मकान में चल रहे जुआ अड्डे पर छापेमारी की. पुलिस ने मौके से जुआ खेल रहे 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि जुआ अड्डे का कथित संचालक छोटू अंसारी फरार बताया जा रहा है.


चास थाना प्रभारी के प्रभार में रहे दिनेश कुमार सिंह के अनुसार, बड़े पैमाने पर जुआ खेले जाने की सूचना पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया था. कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 10 मोबाइल फोन, 4,840 रुपये नकद, ताश के पत्ते और जुआ खेलने में इस्तेमाल की जा रही लाल-काले रंग की दरी बरामद की.
गिरफ्तार आरोपियों में मो. कुर्बान अंसारी, मन्दु महतो, हसन अंसारी, दुलाल स्वर्णकार, अजय कुमार रजवार, आलोक चटर्जी, रफीक शेख, मनीष कुमार राय, एस.के. राजा और अब्दुल अंसारी शामिल हैं.
मामले में चास थाना कांड संख्या 111/2026 दर्ज कर पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है. साथ ही फरार कथित संचालक छोटू अंसारी की तलाश की जा रही है.

