रांची: झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की CGL परीक्षा में कथित अनियमितता, धांधली और पेपर लीक के मामले में CID की जांच तेज हो गई है. शुक्रवार को CID की विशेष टीम दूसरी बार नामकुम स्थित JSSC कार्यालय पहुंची और आयोग के सचिव सुधीर गुप्ता से पूछताछ शुरू की. टीम परीक्षा से जुड़े दस्तावेजों और OMR शीट की भी जांच कर रही है.


जानकारी के अनुसार इससे पहले CID की टीम मोरहाबादी के हरिहर सिंह रोड स्थित सचिव सुधीर गुप्ता के निजी आवास पर भी पहुंची, जहां फाइलों और डिजिटल साक्ष्यों की जांच किए जाने की बात सामने आई है. इसके बाद टीम JSSC मुख्यालय पहुंची.
JSSC-CGL परीक्षा को लेकर पैसे लेकर अभ्यर्थियों को पास कराने और नौकरी दिलाने के गंभीर आरोप सामने आए थे. इस मामले में पूर्व में कई लोगों की गिरफ्तारी की बात भी सामने आ चुकी है. अब CID की दोबारा कार्रवाई के बाद जांच का दायरा और बढ़ने की संभावना है.
हालांकि छापेमारी के बाद आयोग से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी की संभावना को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. CID की जांच में सामने आने वाले तथ्यों के बाद ही आगे की कार्रवाई स्पष्ट होगी.

