जमशेदपुर: मानगो थाना क्षेत्र के जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित श्री कृष्णा उद्यान अपार्टमेंट में दिनदहाड़े लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. एक महिला समेत तीन बदमाश कथित तौर पर जनगणना कर्मी बनकर फ्लैट में घुसे और अकेली महिला को बंधक बनाकर मारपीट की. इसके बाद सोने की चेन और कान की बाली लूटकर फरार हो गए.


जानकारी के अनुसार फ्लैट में लीलावती अम्मा अकेली थीं. इसी दौरान एक महिला वहां पहुंची और खुद को जनगणना विभाग की कर्मी बताते हुए बातचीत शुरू की. इसी बीच दो युवक भी वहां पहुंच गए. आरोप है कि तीनों ने महिला को धक्का देकर फ्लैट के अंदर बंधक बना लिया.
पीड़िता के मुताबिक करीब आधे घंटे तक उन्हें बंधक बनाकर रखा गया और मारपीट कर गले से सोने की चेन तथा कान की बाली उतरवा ली गई. विरोध करने पर उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया. मारपीट में लीलावती अम्मा के मुंह में गंभीर चोट लगी और उनका एक दांत भी टूट गया.
वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश महिला को फ्लैट की बालकनी में बंद कर फरार हो गए. पीड़िता ने बालकनी से शोर मचाया, जिसके बाद पड़ोसियों ने उन्हें बाहर निकाला और परिजनों को सूचना दी.
घटना की जानकारी मिलते ही लीलावती अम्मा के पति बी.एस. पिल्लै मौके पर पहुंचे. वे डिमना स्थित एक ऑटो शोरूम में सेल्स मैनेजर बताए गए हैं. मानगो थाना पुलिस ने भी घटनास्थल पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है. दिनदहाड़े अपार्टमेंट में जनगणना कर्मी बनकर घुसने और महिला को बंधक बनाकर लूट की इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

