चांडिल:सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र में हल्की बारिश ने एक बार फिर जल निकासी व्यवस्था की पोल खोल दी. कपाली टीओपी चौक के आसपास थोड़ी देर हुई बारिश के बाद ही सड़क पर पानी जमा हो गया. जलजमाव के कारण राहगीरों और वाहन चालकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा.


टीओपी चौक के आसपास सड़क पर पानी जमा होने से लोगों को आवाजाही में काफी दिक्कत हुई. खासकर दोपहिया वाहन चालकों को पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा. स्थानीय लोगों का कहना है कि बारिश के पानी की निकासी के लिए समुचित नाली की व्यवस्था नहीं होने के कारण हर बार बारिश के बाद जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है.

स्थानीय लोगों के मुताबिक, जब हल्की बारिश में ही सड़क पर पानी जमा हो जाता है, तो तेज बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो सकती है. जलजमाव के कारण सड़क पर गंदगी और कीचड़ की समस्या भी बढ़ जाती है. इससे राहगीरों के साथ वाहन चालकों के लिए दुर्घटना की आशंका बनी रहती है.
कपाली क्षेत्र में बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या पहले भी सामने आती रही है. स्थानीय लोगों ने कपाली नगर परिषद और संबंधित विभाग से टीओपी चौक समेत जलजमाव वाले अन्य इलाकों का निरीक्षण कर स्थायी जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है.
लोगों ने नालियों की नियमित सफाई कराने, बंद पड़े नालों को खोलने और बारिश के पानी की उचित निकासी सुनिश्चित करने की मांग की है. स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में जलजमाव की समस्या सामने आती है, लेकिन अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है.
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर कब तक हल्की बारिश में कपाली की मुख्य सड़कें पानी-पानी होती रहेंगी और लोगों को जलजमाव की परेशानी झेलनी पड़ेगी.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक

