जामताड़ा: मिहिजाम नगर स्थित जनजातीय संध्या कॉलेज में रविवार को जन सेवा पार्टी सांस्कृतिक मंच के तत्वावधान में शहीद कमांडेंट प्रमोद कुमार स्मृति क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में जन सेवा पार्टी के संयोजक राकेश लाल शामिल हुए. मिहिजाम समेत आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से करीब 1500 छात्र-छात्राओं ने प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. प्रतियोगिता में छात्राओं की भागीदारी विशेष रूप से अधिक रही.


इस अवसर पर राकेश लाल ने कहा कि मिहिजाम क्षेत्र में पहली बार इस तरह की क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई है. इसका उद्देश्य शहीद कमांडेंट प्रमोद कुमार की शहादत को लोगों के बीच जीवंत बनाए रखना और विद्यार्थियों में शैक्षणिक प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना है. उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के ज्ञानवर्धन के साथ उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हैं.
प्रतियोगिता में पियलसोला, बगजोरी, जियाजोरी, केलाही, जामताड़ा, पाबिया और नाला समेत विभिन्न क्षेत्रों के विद्यार्थियों ने भाग लिया. प्रतियोगिता का आयोजन कुल सात ग्रुपों में किया गया. जूनियर ग्रुप के विद्यार्थियों के लिए परीक्षा केंद्र लिटिल एंजेल किड्स प्ले स्कूल में बनाया गया था.
प्रतियोगिता के सफल संचालन में परीक्षा नियंत्रक भगवान प्रसाद राय, संचालक मंटू दास, सामू दास, परीक्षा केंद्र प्रमुख अमित गोराई, विनय पंडित, विक्की साव, अचिंतो मंडल, राहुल सिंह, व्यवस्था प्रमुख पवन देव राय और छोटेलाल मंडल समेत दर्जनों कार्यकर्ताओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. वहीं, बबली मुर्मू, विजय मरांडी और बिमल हांसदा निरीक्षक के रूप में मौजूद रहे. प्रतियोगिता को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

