जामताड़ा: अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही जामताड़ा पुलिस को मोबाइल छिनतई के मामले में बड़ी सफलता मिली है. करमाटांड़ थाना क्षेत्र में महिला से मोबाइल छिनतई की घटना का पुलिस ने त्वरित खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से महिला से छीना गया मोबाइल फोन, दो स्मार्टफोन और घटना में प्रयुक्त काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है.


रविवार को अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एसडीपीओ जामताड़ा वसीम रजा ने मामले का खुलासा किया. उन्होंने बताया कि पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है. किसी भी तरह के अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.
दोपहर में महिला से बाइक सवारों ने छीना था मोबाइल. एसडीपीओ ने बताया कि 27 अगस्त की दोपहर करीब एक बजे शांतिनगर निवासी मोनिका कुमारी से दो अज्ञात युवक काले रंग की पल्सर मोटरसाइकिल से पहुंचे और उनका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए थे. घटना के बाद पीड़िता के लिखित आवेदन के आधार पर करमाटांड़ थाना में कांड संख्या 67/26, दिनांक 29 अगस्त 2026 दर्ज किया गया. इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की.
मिशन चौक पर वाहन जांच में पकड़े गए आरोपी. अनुसंधान के दौरान पुलिस को मिली महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर मिशन चौक, करमाटांड़ के समीप वाहन जांच अभियान चलाया गया. इसी दौरान पुलिस ने पल्सर मोटरसाइकिल संख्या JH21M3828 पर सवार दो युवकों को संदेह के आधार पर रोका. तलाशी लेने पर उनके पास से महिला से छीना गया मोबाइल फोन बरामद हुआ.
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने छिनतई की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. जांच में यह भी सामने आया है कि दोनों आरोपी पूर्व में भी मोबाइल छिनतई की घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं.
देवघर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल सिंह, पिता सुनील सिंह और दिनेश दास, पिता नरेश दास, दोनों निवासी पियरसोल, थाना चितरा, जिला देवघर के रूप में हुई है. पुलिस ने इनके पास से रियलमी और सैमसंग के दो स्मार्टफोन तथा घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल जब्त की है. दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
अपराधियों को स्पष्ट संदेश, अपराध करेंगे तो बचेंगे नहीं. मोबाइल छिनतई की घटना का त्वरित खुलासा कर आरोपियों की गिरफ्तारी को जामताड़ा पुलिस की अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति से जोड़कर देखा जा रहा है. पुलिस की कार्रवाई से पीड़ित को न्याय की उम्मीद जगी है. साथ ही सड़क पर राहगीरों और महिलाओं को निशाना बनाने वाले अपराधियों के बीच भी सख्त संदेश गया है कि अपराध कर भागना आसान नहीं होगा.
छापेमारी दल में करमाटांड़ थाना पुलिस के पदाधिकारी और जवान शामिल रहे.

