जमशेदपुर : पारडीह इलाके में रविवार की अहले सुबह करीब 5 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार करीब 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई. हादसा इतना गंभीर था कि युवक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.


जानकारी के अनुसार, युवक रविवार की सुबह मोटरसाइकिल से पारडीह की ओर जा रहा था. इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर के बाद अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने सड़क पर युवक को घायल अवस्था में पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी.
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. युवक की उम्र करीब 20 वर्ष बताई जा रही है.
पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती मृतक की पहचान करना है. बताया जा रहा है कि युवक के पास से पहचान से संबंधित कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है. जिस मोटरसाइकिल से वह सफर कर रहा था, उसके आगे और पीछे नंबर भी अंकित नहीं है. ऐसे में पुलिस के सामने मृतक के परिजनों तक सूचना पहुंचाना भी चुनौती बना हुआ है.
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है. इसके अलावा घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि हादसे को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन का पता लगाया जा सके. पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि मृतक युवक कहां का रहने वाला था और हादसे से पहले वह किस दिशा में जा रहा था.
मोटरसाइकिल पर नंबर नहीं होने के कारण पुलिस इंजन और चेचिस नंबर के आधार पर भी वाहन और उसके मालिक से जुड़ी जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है. फिलहाल पुलिस ने शव को सुरक्षित रखकर मृतक की पहचान के लिए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस का कहना है कि युवक की पहचान होने के बाद ही घटना से जुड़ी अन्य जानकारियां स्पष्ट हो सकेंगी. वहीं, अज्ञात वाहन की तलाश भी जारी है.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक

