चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद क्षेत्र में नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद प्रशासन ने लोगों को सतर्क किया है. नगर परिषद ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से संभावित खतरे को देखते हुए सुरक्षित स्थान पर जाने की अपील की है.


नगर परिषद के अनुसार नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. ऐसे में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने की आशंका को देखते हुए लोगों से अपने परिवार और जरूरी सामान के साथ समय रहते सुरक्षित स्थान पर जाने को कहा गया है. विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने की अपील की गई है.
प्रशासन ने लोगों को नदी के आसपास नहीं जाने और बच्चों को नदी एवं जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने की सलाह दी है. साथ ही किसी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा गया है.
नगर परिषद ने स्पष्ट किया है कि यदि जलस्तर और बढ़ता है या आबादी वाले इलाकों तक पानी पहुंचने लगे तो लोग खतरा बढ़ने का इंतजार किए बिना सुरक्षित स्थान की ओर चले जाएं. प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आवश्यकता के अनुसार आगे भी दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे. नगर परिषद ने लोगों से घबराने के बजाय सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है.
रिपोर्ट: अफ़रोज़ मल्लिक

