रामगढ़: “आपकी सुरक्षा, हमारी जिम्मेदारी” के संकल्प के साथ रामगढ़ पुलिस की गश्ती और आपातकालीन रिस्पॉन्स व्यवस्था को और मजबूत किया गया है. राज्य सरकार के पुलिस आधुनिकीकरण अभियान के तहत दूसरे चरण में रामगढ़ पुलिस को 20 नए पेट्रोलिंग वाहन मिले हैं. मंगलवार को उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और उप विकास आयुक्त ने संयुक्त रूप से वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.


पुलिस मुख्यालय की ओर से पुलिस बल के आधुनिकीकरण, सुदृढ़ीकरण और संसाधनों के उन्नयन की दिशा में चलाए जा रहे अभियान के तहत ये वाहन उपलब्ध कराए गए हैं. इससे जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ने के साथ अपराध की सूचना और Dial-112 पर मिलने वाली शिकायतों पर तेजी से पुलिस सहायता पहुंचाने में मदद मिलेगी.
पहले चरण में मिले थे 13 चारपहिया और 19 दोपहिया वाहन
इससे पूर्व अभियान के पहले चरण में रामगढ़ पुलिस को 13 पेट्रोलिंग वाहन और 19 दोपहिया वाहन उपलब्ध कराए गए थे. अब दूसरे चरण में 20 और पेट्रोलिंग वाहन मिलने से पुलिस के पास गश्ती और त्वरित कार्रवाई के लिए संसाधन और मजबूत हुए हैं.

नए वाहनों का इस्तेमाल नियमित एवं प्रभावी गश्ती, एंटी-क्राइम चेकिंग, संवेदनशील इलाकों की निगरानी, अपराध की रोकथाम और आपातकालीन परिस्थितियों में किया जाएगा. खास तौर पर Dial-112 पर मिलने वाली शिकायतों पर त्वरित पुलिस सहायता पहुंचाने में इन वाहनों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी.

पुलिस का मानना है कि नए वाहनों से न केवल उसकी पहुंच और दृश्यता बढ़ेगी, बल्कि अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था के मोर्चे पर भी पुलिस को मजबूती मिलेगी. थाना क्षेत्रों में पेट्रोलिंग बढ़ने से आम लोगों के बीच सुरक्षा की भावना को और मजबूत करने में मदद मिलेगी.

