जमशेदपुर: कदमा के विजया हेरिटेज निवासी कारोबारी निखार सबलोक की सोमवार को कांदरबेड़ा में गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर कांदरबेड़ा स्थित होटल ठेंथमाइल स्टोन के समीप हुई. गोलीबारी में निखार के शरीर में चार गोलियां लगीं.
घटना के बाद उनके साथियों ने गंभीर रूप से घायल निखार को इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.


जानकारी के अनुसार, निखार सबलोक किसी काम से कांदरबेड़ा स्थित होटल ठेंथमाइल गए थे. इसी दौरान अपराधियों ने उन पर अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़े. घटना को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए.
फायरिंग की घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आसपास मौजूद लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया. सूचना मिलने के बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की.
निखार सबलोक जमशेदपुर के कारोबारी थे और होटल समेत कई अन्य कारोबार से जुड़े हुए थे. उनकी हत्या की खबर सामने आने के बाद कारोबारी जगत में भी हलचल मच गई है.
पुलिस अपराधियों की पहचान करने के साथ हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच समेत अन्य बिंदुओं पर भी छानबीन कर रही है. फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है.
पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही घटना के कारणों और हत्या में शामिल अपराधियों के संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

