सरायकेला: जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और अवैध शराब के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज करने का फैसला लिया है. उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में आयोजित मादक पदार्थ नियंत्रण समन्वय समिति की बैठक में अफीम की खेती, नशीले पदार्थों की तस्करी तथा अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने को लेकर संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए गए.


बैठक में उपायुक्त ने निर्देश दिया कि जिन क्षेत्रों में पूर्व में अफीम की खेती के मामले सामने आ चुके हैं, वहां विशेष निगरानी रखी जाए. संभावित क्षेत्रों की पहचान के लिए अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी संयुक्त रूप से कार्ययोजना तैयार कर कार्रवाई करें. संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी को इसकी नियमित निगरानी करने तथा विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि अफीम की खेती और मादक पदार्थों के अवैध कारोबार को किसी भी स्थिति में बढ़ावा नहीं मिलने दिया जाएगा. संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया.
उन्होंने अधिकारियों को जमीनी स्तर पर सूचना तंत्र मजबूत करने तथा मादक पदार्थों से जुड़े मामलों में संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ नियमित जांच और छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश उत्पाद अधीक्षक को दिया गया. अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने को कहा गया.
उपायुक्त ने सड़क किनारे, हाट-बाजार, होटल और भोजनालयों में अवैध रूप से शराब बेचने या परोसने की शिकायतों को गंभीरता से लेने का निर्देश दिया. ऐसे स्थानों पर नियमित जांच अभियान चलाने और दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति अथवा प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया.
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने सभी थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त और निगरानी बढ़ाने का निर्देश दिया. उन्होंने मादक पदार्थों से जुड़ी किसी भी सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा.
पुलिस अधीक्षक ने शराब के नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी नियमित जांच अभियान चलाकर कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े पूरे नेटवर्क की पहचान करने, सूचना तंत्र को मजबूत बनाने और प्राप्त सूचनाओं पर त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई करने पर विशेष जोर दिया.
उन्होंने थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखने तथा नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े लोगों की गतिविधियों की जानकारी जुटाकर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
उपायुक्त ने कहा कि मादक पदार्थों और अवैध शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा. उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी, सघन जांच, छापेमारी और त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, परियोजना निदेशक उषा मुंडू, आदित्यपुर नगर आयुक्त एजाज अनवर, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, सरायकेला एवं चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी सामान्य शाखा-सह-जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, उत्पाद अधीक्षक, जिला परिवहन पदाधिकारी, सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी तथा मादक पदार्थ नियंत्रण समन्वय समिति के अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे.

