सरायकेला: संतारी गांव में शुक्रवार को एक बालिका को जहरीले कोबरा सांप ने डंस लिया. घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक मंगल सिंह सोय ने तत्परता दिखाते हुए ग्रामीणों को बच्ची को अविलंब नजदीकी अस्पताल पहुंचाने का निर्देश दिया. उन्होंने भाजपा नेता सुमित चौधरी को भी फोन कर बच्ची के समुचित इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा.


सूचना मिलते ही सुमित चौधरी सदर अस्पताल पहुंचे. उन्होंने पीड़ित बालिका एवं उसके परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया तथा चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली. अस्पताल के चिकित्सकों के अनुसार, समय पर अस्पताल पहुंचने और तत्काल उपचार शुरू होने के कारण बालिका अब खतरे से बाहर है.
इस अवसर पर सुमित चौधरी ने ग्रामीणों को जागरूक करते हुए कहा कि सांप काटने की घटना में झाड़-फूंक या घरेलू उपचार में समय बर्बाद नहीं करना चाहिए. मरीज को तत्काल अस्पताल पहुंचाना चाहिए, ताकि समय पर एंटी-स्नेक वेनम दिया जा सके और उसकी जान बचाई जा सके.

गौरतलब है कि करीब एक सप्ताह पूर्व इसी संतारी गांव में सांप के डंसने से दो बच्चों की मौत हो गई थी. परिजनों एवं ग्रामीणों की ओर से उस घटना में उपचार में देरी की बात कही गई थी. हालांकि, इस संबंध में स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है.
पूर्व विधायक मंगल सिंह सोय एवं सुमित चौधरी ने प्रशासन से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को और मजबूत करने तथा सांप के डंसने जैसी आपात स्थिति में त्वरित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है. उन्होंने ऐसे मामलों को लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता शिविर आयोजित करने की भी मांग की.

