सरायकेला: इंडिया न्यूज वायरल बिहार-झारखंड के संवाददाता एवं प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला-खरसावां के सक्रिय सदस्य अफरोज मल्लिक के बड़े भाई शहनवाज मल्लिक उर्फ मनोज मल्लिक का सोमवार रात करीब आठ बजे टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) में निधन हो गया. उनके निधन की खबर से परिवार, पत्रकारिता जगत और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई.


बताया गया कि 50 वर्षीय शहनवाज मल्लिक को सीने में दर्द की शिकायत के बाद टाटा मुख्य अस्पताल में भर्ती कराया गया था. चिकित्सकों के अनुसार इलाज के दौरान हृदयाघात के कारण उनकी मौत हुई. अचानक हुए निधन से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
शहनवाज मल्लिक अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री छोड़ गए हैं. परिवार के अनुसार उनका पुत्र अक्सर बीमार रहता है, जबकि पुत्री की शादी हो चुकी है. परिवार के लिए यह क्षति बेहद पीड़ादायक है.
परिजनों के अनुसार, मंगलवार को बर्मामाइंस कब्रिस्तान में शहनवाज मल्लिक के सुपुर्द-ए-खाक की रस्म अदा की जाएगी. निधन की खबर मिलने के बाद उनके रिश्तेदारों, मित्रों और शुभचिंतकों का परिवार के घर पहुंचना शुरू हो गया.
प्रेस क्लब ने जताई संवेदना
शहनवाज मल्लिक के निधन पर प्रेस क्लब ऑफ सरायकेला- खरसावां ने गहरी संवेदना व्यक्त की. क्लब की ओर से कहा गया कि शहनवाज मल्लिक का असामयिक निधन अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है. इस कठिन समय में प्रेस क्लब शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है. क्लब ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की.
इंडिया न्यूज वायरल परिवार ने भी जताया शोक
वहीं इंडिया न्यूज वायरल बिहार-झारखंड परिवार ने भी शहनवाज मल्लिक के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है. संस्थान की ओर से कहा गया कि संवाददाता अफरोज मल्लिक के बड़े भाई का निधन पूरे मीडिया परिवार के लिए भी अत्यंत दुखद समाचार है. संस्थान ने कहा कि दुख की इस घड़ी में पूरा इंडिया न्यूज वायरल बिहार-झारखंड परिवार अफरोज मल्लिक और उनके परिवार के साथ है. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिजनों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति दें. शहनवाज मल्लिक के निधन पर पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, मित्रों और शुभचिंतकों ने भी शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की.

