चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली स्थित प्राचीन शिव मंदिर में सावन की सोमवारी के अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. सोमवार की सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की लंबी कतार लगी रही. दूर-दराज के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे.


सावन की सोमवारी को लेकर मंदिर में सुबह से ही विशेष पूजा-अर्चना शुरू हो गई. श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर बेलपत्र, फूल, दूध, धतूरा सहित विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित की. भक्तों ने भगवान भोलेनाथ से परिवार की सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की. मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से गूंजता रहा. महिलाओं की भी बड़ी संख्या में उपस्थिति रही.
शिव मंदिर कमेटी के सदस्य राखाल दास ने बताया कि सावन की सोमवारी के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के बीच भोग का वितरण किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि बड़ी संख्या में भक्तों ने सावन की सोमवारी का व्रत रखा और विधि-विधान के साथ भगवान शिव की पूजा-अर्चना की.
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए मंदिर परिसर और आसपास विशेष व्यवस्था की गई. भीड़ को नियंत्रित करने तथा श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए स्थानीय लोगों और मंदिर कमेटी से जुड़े सदस्यों ने व्यवस्था संभाली. श्रद्धालुओं को कतारबद्ध तरीके से पूजा-अर्चना कराई गई.
सावन के महीने में कपाली के इस प्राचीन शिव मंदिर में प्रत्येक वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं. सावन की सोमवारी के दिन मंदिर में विशेष धार्मिक उत्साह देखने को मिलता है. इस वर्ष भी श्रद्धालुओं में भगवान शिव के प्रति गहरी आस्था और उत्साह नजर आया.
श्रद्धालुओं ने कहा कि सावन की सोमवारी पर भगवान भोलेनाथ का दर्शन और जलाभिषेक करने से मन को शांति मिलती है और आस्था मजबूत होती है. सुबह से लेकर देर तक मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा. पूरे क्षेत्र में हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों की गूंज सुनाई देती रही.
रिपोर्ट: अफरोज मलिक

