बोकारो: जिले में वायरल फीवर का असर अब बाल सुधार गृह तक पहुंच गया है. बाल सुधार गृह एवं किशोर न्याय बोर्ड में एक साथ 16 बच्चों की तबीयत बिगड़ने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया. सभी बच्चों को तत्काल जांच और उपचार के लिए बोकारो सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनमें सर्दी, खांसी और बुखार के लक्षण पाए गए.



सभी बच्चों का ब्लड टेस्ट समेत आवश्यक चिकित्सीय जांच कराई गई. जांच के बाद एक बच्चे की स्थिति को देखते हुए उसे बोकारो सदर अस्पताल में ऑब्जर्वेशन में भर्ती किया गया, जबकि अन्य बच्चों को प्राथमिक उपचार के बाद वापस बाल सुधार गृह भेज दिया गया.
इसी बीच बाल सुधार गृह लौटने के बाद दो अन्य बच्चों की तबीयत अधिक बिगड़ने की सूचना मिली. इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल बाल सुधार गृह को अस्थायी मेडिकल कैंप में तब्दील कर दिया. यहां 24 घंटे डॉक्टर, नर्स और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम की तैनाती की गई है, ताकि बच्चों की लगातार निगरानी और उपचार किया जा सके.
बोकारो के सिविल सर्जन डॉ. अभय भूषण प्रसाद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह वायरल फीवर के लक्षण प्रतीत हो रहे हैं. उन्होंने कहा कि सभी बच्चों की स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है और कोई भी बच्चा खतरे से बाहर है. स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है तथा आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है.
स्वास्थ्य विभाग ने एहतियात के तौर पर बाल सुधार गृह में साफ-सफाई, संक्रमण नियंत्रण और नियमित स्वास्थ्य जांच के निर्देश भी दिए हैं, ताकि बीमारी का प्रसार रोका जा सके.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





