सरायकेला: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में गुरुवार को शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित हुई. बैठक में विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, शिक्षकों की बायोमेट्रिक उपस्थिति, आधारभूत सुविधाओं और विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई.



उपायुक्त ने सभी विद्यालयों में विद्यार्थियों की अधिकतम उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने स्पष्ट कहा कि लगातार कम उपस्थिति वाले विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक और संबंधित प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी जवाबदेह होंगे. ऐसे मामलों में कारण बताओ नोटिस जारी करने तथा आवश्यकता पड़ने पर वेतन निकासी पर रोक लगाने की कार्रवाई की जाएगी.
बैठक में शिक्षकों की शत-प्रतिशत बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया. जून माह की समीक्षा में जिन शिक्षकों की उपस्थिति निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिली, उनके विरुद्ध वेतन कटौती करने तथा बायोमेट्रिक उपस्थिति के आधार पर ही वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए.

उपायुक्त ने बीईईओ, बीआरपी, सीआरपी एवं अन्य क्षेत्रीय पदाधिकारियों को विद्यालयों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति, पठन-पाठन, मध्यान्ह भोजन, पेयजल, शौचालय, स्वच्छता, खेल सामग्री तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं की लगातार निगरानी की जाए. निरीक्षण नहीं करने वाले बीआरपी और सीआरपी के विरुद्ध भी वेतन कटौती की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए.
बैठक में पीएम श्री विद्यालयों के लिए प्राप्त आवंटन और क्रय की गई सामग्रियों की समीक्षा भी की गई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सामग्री की गुणवत्ता की जांच के बाद ही संबंधित एजेंसी का भुगतान किया जाए.
उन्होंने शेष विद्यार्थियों का जन्म प्रमाण-पत्र, आधार पंजीकरण और बैंक खाता प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराने के निर्देश दिए, ताकि सभी छात्र-छात्राओं को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके.
उपायुक्त ने कहा कि विद्यालयों में खेल-खेल में सीखने की पद्धति को बढ़ावा दिया जाए. साथ ही नैतिक शिक्षा, अनुशासन, स्वच्छता, अच्छे व्यवहार, सामाजिक उत्तरदायित्व और जीवन कौशल से जुड़ी गतिविधियों का नियमित संचालन सुनिश्चित किया जाए.
बैठक में विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, स्वच्छता और खेल सामग्री की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि किसी भी विद्यालय में आधारभूत सुविधाओं की कमी नहीं रहनी चाहिए और शिकायत मिलने पर तत्काल समाधान किया जाए.
उन्होंने बिना वैध कारण बैठक से अनुपस्थित रहने वाले तथा कार्यों में लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने और आवश्यकतानुसार वेतन रोकने के निर्देश दिए.
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, जिला शिक्षा अधीक्षक अमित कुमार, सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, बीआरपी, सीआरपी, बीपीओ एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे.





