जमशेदपुर: सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में गुरुवार को माल से लदा एक ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया. घटना के बाद इलाके में अफरा- तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने या घायल होने की सूचना नहीं है.



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक पलटते ही सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई. सूचना मिलते ही सीतारामडेरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और यातायात व्यवस्था संभालते हुए सड़क से ट्रक हटाने की कार्रवाई शुरू कराई.
पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से ट्रक को हटाने का प्रयास किया गया, जिसके बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका. घटना के दौरान आसपास मौजूद लोग समय रहते सुरक्षित स्थान पर हट गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया.
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ट्रक के अनियंत्रित होने या संतुलन बिगड़ने के कारण दुर्घटना हुई. हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस जांच कर रही है. घटना के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, लेकिन पुलिस की तत्परता से स्थिति जल्द ही सामान्य कर दी गई.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा





