जमशेदपुर: बागबेड़ा थाना क्षेत्र के डीबी रोड पर गुरुवार सुबह तेज रफ्तार एक अनियंत्रित कार ने सड़क पर चल रहे लोगों को कुचल दिया. हादसे में एक ठेला चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे तथा सभी घायलों को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है.



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार संख्या JH-05 EP-9444 ने सबसे पहले एक टीवीएस एक्सएल सवार को जोरदार टक्कर मारी. बताया जा रहा है कि बाइक सवार अपने बच्चों को स्कूल छोड़कर घर लौट रहा था. टक्कर के बाद चालक कार पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे जा पहुंचा, जिससे अन्य लोग भी उसकी चपेट में आ गए.
हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई. स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कार में कई युवक सवार थे, जो दुर्घटना के बाद वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए.
स्थानीय लोगों का यह भी दावा है कि कार की तलाशी लेने पर उसमें शराब की बोतलें और एक कटोरे में रखा मुर्गा मिला. हालांकि, पुलिस ने इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.
घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया. पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि फरार चालक और उसके साथियों की पहचान की जा सके. अधिकारियों ने कहा कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है. लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई, नियमित वाहन जांच अभियान तथा सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.





