चांडिल: वन क्षेत्र के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत कुदा गांव में गुरुवार की अहले सुबह एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया. हाथी ने पहले गांव में स्थित कटहल के पेड़ को तोड़कर उस पर लगे फलों को खाया. इसके बाद वह कुदा निवासी किसान निखिल महतो के घर पहुंचा और तोड़फोड़ कर घर को क्षतिग्रस्त कर दिया. घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है.



ग्रामीणों के अनुसार घटना सुबह करीब 3:30 बजे से 4:00 बजे के बीच हुई. रात के अंधेरे में अचानक हाथी के गांव में प्रवेश करने से अफरा- तफरी मच गई. हाथी ने पहले कटहल के पेड़ को नुकसान पहुंचाया और फिर निखिल महतो के घर पर हमला कर दिया. घटना के समय घर में मौजूद परिवार के सदस्य किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाने में सफल रहे.
घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल है. लोगों का कहना है कि क्षेत्र में पिछले कुछ समय से जंगली हाथियों की आवाजाही लगातार बढ़ गई है. इसके कारण रात के समय घरों से बाहर निकलना भी जोखिम भरा हो गया है. ग्रामीणों को जान-माल के साथ-साथ फसलों और मकानों के नुकसान की भी चिंता सता रही है.
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि हाथियों की गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जाए और उन्हें आबादी वाले क्षेत्रों में आने से रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं. साथ ही निखिल महतो के क्षतिग्रस्त घर का जल्द सर्वे कर सरकारी प्रावधान के तहत उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए.
ग्रामीणों ने यह भी मांग की कि प्रभावित गांवों में वन विभाग की नियमित गश्त बढ़ाई जाए और लोगों को जंगली हाथियों से बचाव के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर





