जामताड़ा: समग्र शिक्षा अभियान के तहत जामताड़ा जिला शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है. उपायुक्त- सह- जिला कार्यकारिणी समिति के अध्यक्ष के निर्देश पर विभिन्न प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) में कार्यरत बीपीओ, बीपीएम, जूनियर इंजीनियर (जेई), अकाउंटेंट एवं ब्लॉक एमआईएस कर्मियों का तत्काल प्रभाव से स्थानांतरण कर दिया गया है. कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है.



जारी आदेश के अनुसार फतेहपुर बीआरसी के बीपीओ कृष्ण मनोहर सिंह का स्थानांतरण नाला बीआरसी किया गया है. करमाटांड़ की बीपीओ सावित्री किस्कू को नारायणपुर बीआरसी, जबकि नारायणपुर की बीपीओ अनामिका हांसदा को करमाटांड़ बीआरसी भेजा गया है. जामताड़ा के बीपीएम दामोदर महतो को फतेहपुर बीआरसी के साथ कुंडहित बीआरसी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है. वहीं कुंडहित के बीपीएम मोहम्मद हाशिम अंसारी का स्थानांतरण जामताड़ा बीआरसी में किया गया है.
जेई स्तर पर प्रदीप कुमार मंडल को जामताड़ा के साथ करमाटांड़ बीआरसी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है. उत्तम कुमार मंडल को नाला बीआरसी के साथ कुंडहित का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है, जबकि अनिल कुमार को नारायणपुर बीआरसी के साथ फतेहपुर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है.
अकाउंटेंट संवर्ग में विकास भूषण को कुंडहित, दिनेश कुमार को करमाटांड़, ननी गोपाल मंडल को फतेहपुर, जय शेखर हेंब्रम को नारायणपुर, उमेश कुमार मंडल को जामताड़ा तथा ओमप्रसाद गांधी को नाला बीआरसी में पदस्थापित किया गया है.
ब्लॉक एमआईएस कर्मियों में निधि कुमारी को फतेहपुर, छोटू कुमार को करमाटांड़, अजय कुमार महतो को नारायणपुर, सरोज कुमार पासवान को जामताड़ा, प्रेम शंकर को नाला तथा बिपलब कुमार माजी को कुंडहित बीआरसी में पदस्थापित किया गया है.
जिला प्रशासन ने सभी स्थानांतरित कर्मियों एवं पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे तत्काल प्रभाव से अपने नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देना सुनिश्चित करें, ताकि समग्र शिक्षा अभियान के कार्यों का संचालन सुचारु रूप से जारी रह सके.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





