चाईबासा: सोनुआ प्रखंड के निश्चिंतपुर स्थित दीनदयाल शिशु विद्या मंदिर के विद्यार्थियों ने वनवासी कल्याण केंद्र, झारखंड की संबद्ध शैक्षिक संस्था श्रीहरि वनवासी विकास समिति द्वारा आयोजित मेधावी छात्र प्रतियोगिता परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है. प्रांतीय स्तर पर सम्मानित होकर लौटने पर विद्यालय परिवार ने सभी मेधावी छात्र-छात्राओं का गर्मजोशी से स्वागत किया.



यह प्रतियोगिता परीक्षा 5 अप्रैल 2026 को क्षेत्र के पांच परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई थी. इसमें शिशु वर्ग में 78 तथा बाल वर्ग में 61 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया था.
प्रतियोगिता में शिशु वर्ग की रेवा महतो ने प्रथम तथा तनीष कटियार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया. वहीं बाल वर्ग में तनुश्री महतो ने प्रथम और जीविका महतो ने तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया.
रविवार को केंद्रीय विश्वविद्यालय, मनातू (रांची) में आयोजित मेधावी सम्मान समारोह में प्रांत की ओर से सभी सफल प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया.
सम्मान समारोह से लौटने के बाद विद्यालय परिसर में विशेष अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान आचार्य-आचार्याओं ने सभी मेधावी छात्र-छात्राओं को पुष्पगुच्छ, मोमेंटो एवं बैग भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं.
विद्यालय के प्रधानाचार्य ब्रजेश कुमार ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और आचार्यों के कुशल मार्गदर्शन का परिणाम है. उन्होंने कहा कि ऐसे प्रतिभाशाली विद्यार्थी न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन कर रहे हैं और अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं.
कार्यक्रम में मनोज भारती, दशरथ दास, सरिता प्रधान, सुलेखा महतो, प्रीति प्रधान, तारामणि हांसदा, बेबी महतो, निर्मला सतपथी सहित विद्यालय के आचार्य- आचार्याएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक





