चतरा: एसपी आवास के समीप मंगलवार को प्राइवेट गार्ड की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस जांच में नया खुलासा हुआ है. प्रारंभिक जांच के अनुसार. यह घटना आपसी रंजिश और विवाद का परिणाम बताई जा रही है. एक प्राइवेट गार्ड ने ही दूसरे प्राइवेट गार्ड को गोली मार दी. आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है.



जानकारी के अनुसार. दोनों गार्डों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. विवाद के दौरान आरोपी ने लगातार दो फायरिंग की. पहली गोली कार की छत में जाकर लगी. जबकि दूसरी गोली मृतक गार्ड की आंख में लगी. गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई.

घटना के बाद शुरुआती दौर में बिहार पुलिस के एक जवान पर फायरिंग का संदेह जताया गया था. जिसके आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई. हालांकि पुलिस जांच में स्पष्ट हुआ कि गोलीबारी की घटना में एक प्राइवेट गार्ड की संलिप्तता है. जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.
बताया जा रहा है कि दोनों गार्ड चतरा में बाईपास निर्माण कार्य कर रही रमिया कंस्ट्रक्शन के मालिक रॉकी यादव के सुरक्षा कर्मी थे. घटनास्थल से जब्त की गई फोर्ड एंडेवर भी रॉकी यादव की बताई जा रही है. रॉकी यादव बिहार के बेलागंज विधानसभा क्षेत्र की विधायक मनोरमा देवी के पुत्र हैं. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटना के अन्य पहलुओं और हथियार के संबंध में भी जांच जारी है. विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी.





