सरायकेला: विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 अभियान को लेकर जिला निर्वाचन पदाधिकारी- सह- उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में सभी मान्यता प्राप्त एवं निबंधित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई. बैठक में कल होने वाली BLO-BLA-2 की तृतीय बैठक एवं चुनाव पाठशाला की तैयारियों की समीक्षा की गई. साथ ही SIR-2026 की अब तक की प्रगति और आगामी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी साझा की गई.



बैठक में बताया गया कि जिले में अब तक 95.53 प्रतिशत गणना प्रपत्र (Enumeration Forms) प्राप्त किए जा चुके हैं. जबकि 47.59 प्रतिशत प्रपत्रों का डिजिटाइजेशन पूरा हो चुका है. इसके साथ ही ASDD (एब्सेंट, शिफ्टेड, Dead & Duplicate) सूची तैयार करने का कार्य भी तेजी से चल रहा है. विधानसभावार डिजिटाइजेशन एवं ASDD की स्थिति से भी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अवगत कराया गया.
उपायुक्त ने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक घर-घर सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है. इसके बाद 29 जुलाई तक मतदान केंद्रों का युक्तिकरण किया जाएगा. 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी. 5 अगस्त से 4 सितंबर तक दावा एवं आपत्ति दर्ज करने की प्रक्रिया चलेगी. इसके बाद 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक प्राप्त दावों एवं आपत्तियों का निष्पादन किया जाएगा. जबकि 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी.

उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने सभी राजनीतिक दलों के BLA-1 से अपील की कि वे अपने-अपने BLA-2 को 22 जुलाई को आयोजित होने वाली BLO-BLA-2 की तृतीय बैठक एवं चुनाव पाठशाला में अनिवार्य रूप से शामिल होने के लिए प्रेरित करें. उन्होंने कहा कि सभी BLA-2 संबंधित BLO के साथ समन्वय बनाकर ASDD सूची निर्माण. गणना प्रपत्रों के सत्यापन और डिजिटाइजेशन कार्य में सक्रिय सहयोग दें. विशेषकर शहरी क्षेत्रों में डिजिटाइजेशन कार्य में तेजी लाने पर जोर दिया गया.
बैठक में BLA-2 की भूमिका एवं जिम्मेदारियों की भी विस्तार से जानकारी दी गई. अधिकारियों ने बताया कि यदि किसी पात्र मतदाता का नाम प्रारूप मतदाता सूची से छूट जाता है अथवा ASDD सूची में शामिल हो जाता है. तो वह 5 अगस्त से 4 सितंबर के बीच निर्धारित प्रक्रिया के तहत दावा एवं आपत्ति दर्ज कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना नाम पुनः मतदाता सूची में शामिल करा सकता है.
बैठक के अंत में उपायुक्त ने सभी राजनीतिक दलों से SIR-2026 अभियान में सक्रिय सहयोग देने और अधिक से अधिक मतदाताओं को जागरूक करने की अपील की. उन्होंने कहा कि सभी हितधारकों के सहयोग से ही त्रुटिरहित. अद्यतन एवं शुद्ध मतदाता सूची तैयार की जा सकती है.
बैठक में अपर उपायुक्त सह निर्वाची निबंधक पदाधिकारी जयवर्धन कुमार. अनुमंडल पदाधिकारी सह निर्वाची निबंधक पदाधिकारी अभिनव प्रकाश. जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी पारुल सिंह तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे.





