सरायकेला: जिला स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित जिला फुटबॉल लीग-2026 के तहत सोमवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम में खेले गए दोनों मुकाबलों में रोमांच चरम पर रहा. दिन के दूसरे मैच में सुमित एफसी सीनी ने टेंगाडीह (नीमडीह) को 3-1 से हराकर प्रतियोगिता में लगातार तीसरी जीत दर्ज की. वहीं पहले मुकाबले में एनएससी बुरुडीह ने दो गोल से पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी करते हुए एमएलसी भेलाईडीह के खिलाफ 2-2 से मुकाबला बराबरी पर समाप्त किया.



पहले मैच में एमएलसी भेलाईडीह और एनएससी बुरुडीह के बीच शुरुआती हाफ में दोनों टीमों ने आक्रामक खेल दिखाया, लेकिन कोई भी टीम गोल करने में सफल नहीं हो सकी. दूसरे हाफ के 48वें मिनट में तपन सरदार ने गोल कर भेलाईडीह को बढ़त दिलाई. इसके दो मिनट बाद 50वें मिनट में आकाश मोदी ने दूसरा गोल दागकर टीम की बढ़त 2-0 कर दी.
दो गोल से पिछड़ने के बाद एनएससी बुरुडीह ने दमदार वापसी की. 54वें मिनट में मिले पेनाल्टी को सचिन हेंब्रम ने गोल में बदलकर अंतर कम किया. इसके बाद 60वें मिनट में दीपक हेंब्रम ने शानदार गोल कर स्कोर 2-2 से बराबर कर दिया. निर्धारित समय तक दोनों टीमें कोई और गोल नहीं कर सकीं और मुकाबला ड्रा पर समाप्त हुआ.
दिन के दूसरे मुकाबले में टेंगाडीह (नीमडीह) ने मैच के सातवें मिनट में श्रवण मारडी के गोल की बदौलत शुरुआती बढ़त बना ली. हालांकि, सुमित एफसी सीनी ने संयम बनाए रखा और 41वें मिनट में सूरसिंह सामड़ ने गोल कर टीम को 1-1 की बराबरी दिलाई.
दूसरे हाफ में सुमित एफसी पूरी तरह हावी रही. 57वें मिनट में विनोद सरदार ने गोल कर टीम को 2-1 की बढ़त दिलाई. इसके बाद 69वें मिनट में सूरसिंह सामड़ ने अपना दूसरा और टीम का तीसरा गोल दागकर सीनी की 3-1 की जीत सुनिश्चित कर दी. इस जीत के साथ सुमित एफसी सीनी ने प्रतियोगिता में लगातार तीसरी जीत दर्ज कर अपनी दावेदारी मजबूत कर दी.
सोमवार को खेले गए मुकाबलों में दशरथ हसदा, दिकू हेंब्रम, देवा सरदार और संतोष महतो ने रेफरी की जिम्मेदारी निभाई. वहीं शंकर सरदार, लक्ष्मण सरदार, एन. सिंहदेव, समीर महतो, बिरेन पॉल और रतन मुर्मू ने मैच संचालन में सहयोग किया.
प्रमोद सिंह (संपादक)





