जामताड़ा: सदर अस्पताल में प्रसूता की मौत के बाद दर्ज प्राथमिकी और जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर शनिवार देर शाम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जामताड़ा शहर के इंदिरा चौक पर स्वास्थ्य मंत्री सह स्थानीय विधायक डॉ. इरफान अंसारी का पुतला दहन कर विरोध-प्रदर्शन किया. भारी पुलिस बल की मौजूदगी में आयोजित प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने स्वास्थ्य मंत्री के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.


भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि सदर अस्पताल में हुई तोड़फोड़ की घटना के बाद पार्टी के जिलाध्यक्ष सहित आठ नेताओं के खिलाफ दर्ज एफआईआर राजनीतिक द्वेष से प्रेरित है. उनका दावा है कि जिन नेताओं को आरोपी बनाया गया है, वे सीसीटीवी फुटेज में कहीं भी तोड़फोड़ करते दिखाई नहीं देते. उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर एफआईआर वापस लेने की मांग की.
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में सरकार विफल रही है. उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार और दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई की भी मांग की.
इंदिरा चौक पर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए आईआरबी एवं स्थानीय थाना पुलिस सहित बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात रहा. पुलिस की निगरानी में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्वक पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया.
इस अवसर पर पूर्व मंत्री सत्यानंद झा ‘बटल’, भाजपा नेता माधव चंद्र महतो, तरुण गुप्ता, मोहन शर्मा, हरिमोहन मिश्रा, सुकुमार सरखेल, कमल गुप्ता, बालमुकुंद रविदास, बबीता झा, मनीष दुबे, दीपक सिन्हा, चंदन राउत, सुरेश राय, दिलीप हेंब्रम सहित सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





