सरायकेला: जिले के गम्हरिया थाना पुलिस ने ऑपरेशन डिवाइस के तहत सात लोगों के गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए. अपना खोया मोबाइल वापस मिलने पर सभी लाभुकों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने गम्हरिया थाना पुलिस के प्रति आभार जताया.


शनिवार को गम्हरिया थाना परिसर में मोबाइल फोन विधिवत उनके मालिकों को लौटाए गए. जिन लोगों को उनके मोबाइल वापस मिले उनमें संदीप कुमार, प्रसेनजीत महतो, दिलीप बारिक, संजय कुमार झा, अजय कुंडू, पवन किशोर झा सहित एक अन्य मोबाइल धारक शामिल हैं. ये सभी मोबाइल अलग-अलग समय पर गुम हो गए थे, जिनकी शिकायत थाना में दर्ज कराई गई थी.
पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान एवं ट्रैकिंग के माध्यम से मोबाइल फोन बरामद किए और सभी आवश्यक सत्यापन के बाद उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिया.
गम्हरिया थाना पुलिस ने बताया कि ऑपरेशन डिवाइस के तहत गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. आम लोगों से अपील की गई है कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तत्काल संबंधित थाना में शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते तकनीकी सहायता से मोबाइल बरामद किया जा सके.
मोबाइल वापस मिलने पर लाभुकों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया मोबाइल दोबारा मिल जाएगा. उन्होंने पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया.





